शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के कांट-कुर्रिया रोड पर गुरुथना गांव के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार रमेश (28) को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे रमेश का रिश्तेदार 15 वर्षीय अजीत निवासी गांव कूलनई थाना पिहानी जिला हरदोई घायल हो गया।
ट्रैक्टर के पीछे चल रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रमेश शुक्रवार सुबह अपने रिश्तेदार अजीत के साथ बाइक से किसी रिश्तेदार के घर गया था। लौटते समय रमेश बाइक पर आलू का बोरा रखकर घर आ रहा था। रमेेेश हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया। इससे कई अन्य राहगीर भी उसकी चपेट में आने से बच गए। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। संवाद