पुवायां में सजे महामाई के भवन में मां ज्वाला जी की आरती करते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। नगर में मां ज्वाला जी जागरण सेवा समिति की ओर से नवरात्र में होने वाला जागरण इस बार मंगलवार को होगा। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तराखंड के अमन सांवरिया ग्रुप के कलाकार महामाई का गुणगान करेंगे। समिति के कई सदस्य मां ज्वाला जी से अखंड ज्योति और मां वैष्णों देवी से अमृत कलश लेकर छह अक्तूबर को पुवायां पहुंचे थे।
एक मैरिज लॉन में बनाए गए महामाई के भवन में ज्वाला जी की ज्योति और अमृत कलश को स्थापित कर दिया था। तभी से रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु महामाई के भवन में पहुंचकर ज्वाला जी की ज्योति के दर्शन कर मत्था टेककर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। समिति के अध्यक्ष धीरज शर्मा ने बताया कि मंगलवार को महामाई का जगराता होगा, जिसमें उत्तराखंड के अमन सांवरिया ग्रुप के कलाकार महामाई का गुणगान करेंगे।
इस दौरान कई झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। मेहंदीपुर बालाजी से आए महंत कुलदीप, गोपाल और पुवायां के पंडित शिवलाल की देखरेख में पूजा कार्यक्रम किया जा रहा है। सोमवार सुबह महामाई की आरती के समय तमाम श्रद्धालु भवन में मौजूद रहे।