शाहजहांपुर में बुधवार को सुबह वातावरण में छाई धुंध के बीच उगता सूर्य। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। धूप निकलने के बावजूद सुबह से धुंध छाई रहने के कारण सूर्य किरणों की गरमाहट बुधवार को फीकी पड़ गई और इस वजह से दिन में अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री घटकर 21.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। हालांकि, बीती शाम से बादल छाए होने के कारण रात में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 4.4 डिग्री हो गया, लेकिन हवा चलने से ठिठुरन बरकरार रही। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार वायुदाब सुबह से शाम तक सामान्य से कम रहने के कारण बृहस्पतिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे।
रविवार रात से सर्दी ने अपने तेवर तीखे किए तो सोमवार को कड़ाके की सर्दी से दिन और रात के तापमान में तीन से सात डिग्री की गिरावट आ गई थी। बीते दिन मौसम में अप्रत्याशित बदलाव दिखा, जब वायुदाब में कमी के बावजूद उत्तर-पश्चिम दिशा से मध्यम गति से हवा चलने के कारण सुबह आसमान साफ होने से तेज धूप निकल आई। इससे दिन में थर्मामीटर का पारा भी तीन डिग्री बढ़कर 22 डिग्री सेल्सियस हो गया था। तेज धूप से वातावरण में नमी कम हुई तो बुधवार को सुबह घना कोहरा छाने की आशंका गहराई।
मौसम विशेषज्ञों ने भी यही अनुमान जाहिर किया, लेकिन आज सुबह कोहरा के बजाय धुंध का असर ज्यादा दिखा। इस वजह से आसमान पर सूरज अपने निर्धारित समय पर उभरा, लेकिन धूप में बीते दिन जैसी तेजी पूरी तरह गायब रही। दोपहर को धूप में थोड़ी गर्मी आई तो दक्षिण-पश्चिम दिशा से चली ठंडी हवा सर्दी को बढ़ावा देने लगी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार आम दिनों के विपरीत आज सुबह से शाम तक बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से 25 अंक कम रहा। उनका कहना है कि वायुदाब में भारी गिरावट के कारण बृहस्पतिवार को कोहरा के साथ बादल छाए रहने से सर्दी बढने का अनुमान है।