शाहजहांपुर। जिले में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई। इनमें से एक युवक लखीमपुर खीरी जनपद का रहने वाला है।
पुवायां। आवारा पशु को बचाने के चक्कर में बाइक खाई में जाकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बंडा के गांव पिपरिया हरिश्चंद्र निवासी 20 वर्षीय विकास कुमार की मौत हो गई, जबकि सिंधौली के गांव मूड़ा हारिस निवासी शिवम घायल हो गया। शिवम को जिला अस्पताल रेफर किया है।
विकास कुमार बृहस्पतिवार शाम को गन्ने की ट्रॉली लेकर पुवायां आए थे। पुवायां में बंडा रोड स्थित क्रशर पर ट्रॉली खड़ी कर वह रात में करीब दस बजे साथी शिवम के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। खुटार रोड पर गुरुनानक अस्पताल के सामने किसी पशु को बचाने के फेर में बाइक खाई में जाकर बिजली के पोल से टकरा गई। किसी ने सूचना 108 सेवा पर दी। एंबुलेंस पहुंची और दोनों को पुवायां सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी पर डॉक्टर ने विकास को मृत घोषित कर दिया और शिवम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। सूचना पाकर विकास के परिवार के लोग भी सीएचसी पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव परिवार के लोगों को सौंप दिया। पिता रामलड़ैते ने पुलिस को लिखकर दिया है कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
शाहजहांपुर। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव गुवार महमूदपुर निवासी स्व. वीर सहाय का बेटा राजीव (17) बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे बाइक से बाजार जा रहा था। नवदिया गांव के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार राजीव गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजीव को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद
शाहजहांपुर। लखीमपुर जिले के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव नगरा निवासी मुजफ्फर (42) गांव के ही अरविंद के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से धान बेचने के लिए रोजा मंडी आ रहा था। बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव बरतारा के पास पीछे से किसी वाहन ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर बैठे मुजफ्फर की मौके पर मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुजफ्फर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल अरविंद को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घायल से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने मुजफ्फर के परिजनों को फोन पर हादसे की जानकारी दी। आजम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद
जलालाबाद। शुक्रवार रात करीब दस बजे शाहजहांपुर रोड पर पैदल जा रहे एक युवक की वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। राहगीरों ने करीब 36 वर्षीय युवक को शाहजहांपुर रोड पर बारहपत्थर चौराहे से याकूबपुर की तरफ जाने वाले गौसनगर मोहल्ले के सामने लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। पुलिस पहुंची तब तक मौत हो चुकी थी।
युवक की मौत किसी वाहन की टक्कर लगने से होने की आशंका है। पुलिस ने शव की तलाशी ली परंतु कोई कागज या मोबाइल न मिलने से उसकी पहचान नहीं हो पाई। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी भिजवाया जा रहा है। संवाद