गांव ररूआ में शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : POWAYAN
बंडा। रविवार से लापता बीमा एजेंट का शव बुधवार को गांव के प्राथमिक स्कूल के पीछे झाड़ियों में पड़ा मिला। परिवार के लोगों ने बताया कि युवक बीमार रहता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव ररुआ निवासी नरेश मिश्रा ने बताया कि उनका 18 वर्षीय पुत्र राहुल बीमा एजेंट था। रविवार को वह शाहजहांपुर जाने की बात कहकर घर से गया था। उन्होंने राहुल को गांव सिंघापुर खास में एक वाहन पर बैठाया था।
इसके बाद राहुल वापस घर नहीं पहुंचा। तलाश करने पर भी राहुल का पता नहीं चल सका था। बुधवार सुबह गांव के बाहर बने प्राथमिक स्कूल के पीछे झाड़ियों में गांव के लोगों ने राहुल का शव पड़ा देखा। सूचना पाकर परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है और किसी पर शक भी नहीं जताया है। परिवार के लोगों ने बताया कि राहुल बीमार रहता था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।