कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात कनौजिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने मोहल्ला वर्कजई निवासी 25 वर्षीय रिजवान को रास्ते में घेरकर गोली मार दी गई। रिजवान छेड़खानी के मामले में अपने पिता और दो भाइयों की जमानत कराकर घर वापस जा रहा था। इस मामले में रिजवान के भाई ने छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला के पिता और भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं हमले के आरोपी शेखर को मंगलवार दोपहर दो युवकों ने गोली मारकर गर्रा नदी के किनारे थाना तिलहर क्षेत्र के गांव राईखुर्द के पास फेंक दिया। सदर पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मोहल्ला वर्कजई में रहने वाले सुज्जन खां, उनके बेटे इमरान और फुरकान पर छह जून को मोहल्ले की एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाया था। तीनों आरोपी सोमवार की रात करीब दस बजे रिजवान के साथ सीओ सिटी ऑफिस से जमानत कराकर घर वापस आ रहे थे। आरोप है कि कनौजिया मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे मोहल्ला वर्कजई के राजकुमार गौतम, राहुल, शेखर, विकास और अमित ने चारों लोगों को घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी। एक गोली रिजवान के सिर में लगी। आरोपी असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर रिजवान को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वहीं दूसरी ओर रिजवान पर जानलेवा हमले का आरोपी शेखर मंगलवार दोपहर तिलहर क्षेत्र में राईखुर्द गांव के पास घायल पड़ा मिला। उसके पेट में गोली मारी गई थी। सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस ने शेखर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शेखर के मुताबिक दो युवक उसे मोहल्ले के पास से बाइक पर बैठाकर ले गए और राइखुर्द गांव के पास गोली मारकर फेंक दिया।
इस मामले में थाना तिलहर प्रभारी आशीष शुक्ला कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। घायल शेखर जानलेवा हमले के मामले में आरोपी है। फिलहाल अभी ठीक से वह कुछ बता नहीं पा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।