थाना सदर बाजार इलाके में रामलीला मैदान के सामने फैक्ट्री स्टेट कॉलोनी में ओसीएफ के कर्मचारी के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर ली। सोमवार की शाम घर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
खुदागंज निवासी राकेश सिंह ओसीएफ में टेलर के पद पर कार्यरत हैं। 23 मार्च की शाम वह घर पर ताला डालकर पत्नी निशा, बेटी प्रेरणा और प्रतीक्षा के साथ अपने पैतृक घर खुदागंज में होली मनाने गए थे। सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह वापस आए। उन्होंने अपने मकान का मुख्य दरवाजा खोला तो अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। चोरों ने अंदर कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी दो अलमारियों का ताला तोड़कर लॉकर में रखी सोने की चार चूड़ी, एक सोने का हार, दो जोड़ी पायल, चार अंगूठी, चार हाथ की घड़ियां, 62 हजार रुपये नगद, एक सिलेंडर, पांच हजार कैंटीन का सामान, जो कि घर जाने से पहले लाए थे। सूचना मिलने पर कैंट चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की। चोरी की तहरीर थाने में दे दी गई है।
घर के खर्चे से बचाए 50 हजार रुपये ले गए चोर
राकेश सिंह की पत्नी निशा ने घर से खर्चे से तिनका-तिनका करके 50 हजार रुपये अपनी बेटियों के लिए जमा किए थे। उन्होंने इन रुपयों के बारे में अपने पति को भी नहीं बताया था। चोरों की नजर उन रुपये पर पड़ गई और वह अपने साथ ले गए। निशा को इन रुपयों के जाने का काफी मलाल है।