बेटी को थप्पड़ जड़ने से गुस्साए पिता ने रविवार रात अपने दामाद को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को तमंचा समेत गिरफ्तार कर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के मऊ बासख गांव में हुई।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव दनियापुर निवासी 22 वर्षीय संदीप कुमार की शादी एक साल पहले थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊ वासक निवासी लालता प्रसाद की बेटी से हुई थी। वह एक महीने से अपने मायके में है। रविवार शाम संदीप पत्नी की विदा कराने ससुराल गया था। रात को खाना खाने के बाद जब सभी लोग सोने की तैयारी में थे, तभी संदीप का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में संदीप ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ की आवाज और बेटी का रोना सुनकर लालता प्रसाद को गुस्सा आ गया। उसने तमंचे से दामाद संदीप पर फायर कर दिया। गोली उसके बाएं कंधे में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर कैंट चौकी इंचार्ज जयप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी कर घायल संदीप को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी ससुर को मय तमंचा गिरफ्तार कर लिया है। एसएसआई सुनील शर्मा ने बताया कि लालता के खिलाफ घायल संदीप के पिता रामचंद्र ने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है।