बाइक की जिद पूरी नहीं होने पर कर ली खुदकुशी
बहन की बारात आने पर द्वारचार की तैयारियां हो रहीं थी कि भाई ने गांव के बाहर बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक वह घर वालों से बाइक दिलाने की जिद कर रहा था जबकि घर वाले बहन की शादी की वजह से उसे बाइक नहीं दिला पाए। घटना के बाद जैसे-तैसे शादी की रस्म पूरी की गई।
थाना कांट क्षेत्र के गांव बरेंडा निवासी लटूरी मौर्या (24) पुत्र राजाराम मौर्या की बहन लक्ष्मी की बृहस्पतिवार की रात को कलान क्षेत्र के गांव ड्योढ़ी से बारात आई थी। घर वाले और रिश्तेदार बारात की आवभगत में जुटे हुए थे, इसी बीच लटूरी गांव के बाहर आम के बाग में गया और प्लास्टिक की रस्सी से गले में फांसी का फंदा कसने के बाद आम के पेड़ से लटक गया। कुछ देर बाद कुछ बाराती शौच आदि को बाग की तरफ गए तो देखा कि एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना घर वालों तक पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गई। सूचना मिलते ही एसआई विनोद कुमार भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि लटूरी अपने पिता से बाइक दिलाने की जिद कर रहा था। पिता ने दो दिन पहले 20 हजार रुपये दे भी दिए थे, इसके बावजूद वह जिद पर अड़ा था, इधर, बहन की शादी की वजह से उसकी जिद पूरी नहीं हो पाई और उसने फांसी लगाकर जान दे दी। फांसी पर लटकने के बाद रस्सी टूट गई, जिससे वह उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। शादी की रस्म जैसे-तैसे पूरी कर दीं गई।