सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव हरिहरपुर में रविवार शाम पांच बजे अपनी बहन सरला के यहां आई कांट के गंधार गांव निवासी विधवा गीता (30) के सिर पर गोली मार कर दो हमलावर भाग निकले। घर पर कोई न होने और गांव के लोगों के देर से मदद के लिए आगे आने पर गंभीर हालत में रात नौ बजे जिला अस्पताल में भरती कराया गया। यहां उपचार शुरू होने के आधे घंटे के भीतर ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर सीओ सदर जिला अस्पताल पहुंचे और थाने की टीम मौके पर गांव गई है।
पुलिस को दिए बयान में मृतका की बहन सरला ने बताया कि उसका पति इंद्रपाल हरियाणा में मजदूरी करने गया है। इसकी बहन गीता की शादी कांट थाना क्षेत्र के गंधार गांव के संतोष से हुई थी जिसकी बीमारी के चलते दो साल पहले मौत हो गई। उसके बाद गीता और इसके दो साल के बेटे के नाम पर 22 बीघा जमीन दर्ज हो गई। वह होने के बाद से बीते कई माह से सास रामदुलारी समेत ससुराल के लोग इसका यह जमीन हासिल करने को इसे प्रताड़ित करने लगे। चार दिनों पहले यह अपनी बहन और उसके बेटे अपने पास लिवा लाई। रविवार को शाम को यह पशुओं को बांध रही थी और गीता खाना बनाने में जुटी थी कि तभी रामदुलारी का रिश्तेदार रवींद्र और बनतारा निवासी मैकू आ धमके। दोनों ने गालियां देते हुए तमंचे से फायर कर दिया। गोली गीता के सिर पर बाईं ओर लगी और उसके लुढ़कते ही दोनों भाग निकले। घर पर कोई न होने तत्काल यह क्या करे, इसे कुछ नहीं सूझा। बाद में ग्रामीणों की मदद से यह अपनी रक्तरंजित बहन को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। रात करीब सवा नौ बजे घटना की जानकारी थाने पर दी गई।
घटना की जानकारी रात को मिली है। सूचना पाकर जिला अस्पताल पहुंचे तो गीता की मौत हो चुकी थी। उसके परिवारवालों से जानकारी हासिल की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या जमीनी विवाद के चलते हत्या का मामला लग रहा है। पड़ताल जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी है।
- अखिलेश भदौरिया, सीओ सदर, शाहजहांपुर