एकतरफा प्यार में युवक ने की वारदात
गांव चंदौरा बहादुरपुर में एकतरफा प्रेम में युवक ने पड़ोस की युवती की उसके ही घर में तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से तमंचा कब्जे में लिया है।
गांव के जोगेंद्र के तीन लड़कों में सबसे छोटा 25 वर्षीय लालू यादव जलालाबाद के एक नमकीन कारोबारी का वाहन का चालक था। पुलिस के मुताबिक पड़ोस के ही नरेश तिवारी के लड़के स्वदेश से उसक ी दोस्ती थी। उसके घर पर उसका आना-जाना था। रविवार शाम लालू अपना मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए नरेश के घर पर छोड़ गया था। सोमवार सुबह वह फोन लेने के बहाने नरेश के घर पहुंचा। इस दौरान नरेश की सात संतानों में सबसे छोटी 22 वर्षीय शिवानी तिवारी से लालू की कुछ बात हुई। घर में शिवानी की मां व भाभी के अलावा कोई नहीं था। शिवानी से बात करने के बाद लालू वहां से खाईं खेड़ा चौराहे पर पहुंचा।
लोगों के अनुसार वहां उसने शराब पी और सीधे वापस नरेश के घर आ धमका। उस दौरान शिवानी जानवरों के लिए घर के बाहर लगे नल से पानी भर रही थी। शिवानी को देखते ही लालू ने तमंचा निकाल लिया और उसकी ओर दौड़ा। शिवानी घर में अंदर की ओर भागी तो लालू ने पीछे से गोली मार दी जो उसकी पीठ में जा धंसी। गोली लगते ही शिवानी औंधे मुंह आंगन में गिर गई और उसने वहीं दम तोड़ दिया। यह देखकर घर में मौजूद शिवानी की मां व भाभी भागकर कमरे में घुस गईं। इसके बाद लालू ने दोबारा तमंचा लोड किया और अपने पेट में गोली मार ली। कुछ देर बाद लालू की भी मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
कोतवाली पुलिस के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक व फोरेंसिक टीम ने मौका मुआयना कर घटना के बारे में जानकारी ली और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाली प्रभारी भरत गौतम ने बताया कि मृतका शिवानी की मां कमलेश कुमारी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में घटना के पीछे एकतरफा प्रेम की बात सामने आई है। हालांकि रिपोर्ट में इस बात का जिक्र नहीं है।