पिछले दो पखवाड़े से कोयले के कारोबार में लिप्त बदमाशों के खिलाफ आरपीएफ ने आपरेशन ब्लैक गोल्ड चला रखा है। इसके चलते रामप्रसाद बिस्मिल नगर रेलवे स्टेशन से एक बोरा कोयला सहित एक युवक पकड़ा गया है, जबकि रोजा स्टेशन पर अवैध एवं संदिग्ध रूप से घूमते तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि रोजा आरपीएफ कोयले के काले कारोबार के कारण अपनी साख बचानी भारी पड़ रही थी। इसके चलते यहां के दो दरोगाओं का स्थानांतरण कर अमित कुमार को कमान सौंपी गई है, जिसके चलते बदमाशों और रेल संपत्ति चोरो की धरपकड़ का अभियान चलाया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ एसपी सिंह ने बताया कि रविवार की देर शाम राम प्रसाद बिस्मिल नगर रेलवे स्टेशन के समीन पट्टे निवासी बल्लिया थाना रोजा को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गये आरोपी ने आरपीएफ को बताया कि वह कोयले के कारोबार में संलिप्त रहता है। इस मामले में आरोपी ने कई राज भी उजागर किए है। आरोपी पट्टे के विरुद्ध तीरन आरपीयूपी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा रोजा आरपीएफ प्रभारी अमित कुमार ने रविवार की दोपहर रोजा स्टेषन पर चेकिंग कर आदर्श नगर के पंकज, अनिल और बहादुर को गिरफ्तार किया है। तीनों को रेलवे एक्ट की धारा 144 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।
शनिवार की रात चोरों ने फिर मालगाड़ी को बनाया निशाना
रोजा। शुक्रवार की रात गेट संख्या 319 पर बदमाशों ने धावा बोलकर मालगाड़ी से सौ बोरा चावल चोरी किया था। इसमें दो लोगो को आरपीएफ ने मय माल के गिरफ्तार कर लिया था। बावजूद इसके शनिवार की रात करीब 10 बजे एक मालगाड़ी को चोरों ने फिर निशाना बनाते हुए चोरी का प्रयास किया, लेकिन इस बार आरपीएफ अथवा पुलिस नहीं बल्कि ग्रामीणों के साथ बदमाशों की भिड़ंत हो गई। काफी देर तक हवाई फायरिंग हुई। बाद में बदमाश मौके से फरार हो गए। यह इस सप्ताह रेलवे से खाद्यान्न चोरी का तीसरा मामला है। इसमें आरपीएफ को सिर्फ एक ही सफलता मिली है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस तरह की कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं आई अलबत्ता शुक्रवार की रात फरार चार बदमाशों को चिन्हित कर लिया गया है। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।