थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव ताजपुर में कर्ज में डूबे किसान सालिकराम की मौत के मामले में जांच करने के लिए राजस्व टीम के साथ मितौली तहसीलदार सुनील कुमार झा गांव पहुंचे। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जमीन संबंधी अभिलेख उपलब्ध कराने पर बातचीत की है।
तहसीलदार ने बताया कि मृतक के पुत्र पंकज के बयान दर्ज किए गए हैं, जिसमें उसने कहा कि बैंक और व्यक्तिगत कर्ज था। इसके कारण वह काफी दिनों से परेशान एवं बीमार रहता था। तबियत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को पंकज अपने पिता को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रहा था। तभी रास्ते में सालिकराम ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लिहाजा विसरा प्रिजर्व किया गया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। उधर, एसडीएम मितौली शादाब असलम ने बताया कि मृतक के परिवार वालों की आर्र्थिक स्थिति को देखते हुए फिलहाल मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।