शादी का झांसा देकर एक युवक ने युवती से शारीरिक संबंध बना लिए, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो उससे किनारा कर लिया। बात युवक के घर वालों तक पहुंची तो उन लोगों ने भी युवती से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसे गांव जलालपुर के इमरान ने झांसा दिया कि वह उससे शादी कर लेगा। उसने मीठी-मीठी बातें करके उसे अपने भरोसे में ले लिया और उससे शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए। जब भी वह उससे शादी की बात करती तो वह यह कह कर टाल देता कि अभी इतनी जल्दी क्या है। इसी तरह का झांसा देकर लगभग एक साल गुजर गया तो उसने इमरान के घर वालों को पूरी बात बताई तो उन लोगों ने भी शादी से इंकार कर दिया और धमकी दी कि तेरे साथ इसी तरह से होता रहेगा और तुझसे मेरा बेटा शादी नहीं करेगा। इसके बाद वह पुलिस के पास मदद मांगने पहुंची, जहां पुलिस ने उसकी तहरीर के आधार पर जलालपुर निवासी इमरान और उसके परिवार के रियाजुद्दीन, मोहम्मद रफी, मुन्नी देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास के साथ ही विवेचना की जा रही है।