रोडवेज में अनुबंधित बस के परिचालक से आठ लोगों ने मारपीट कर टिकट बिक्री की नकदी लूट ली। पुलिस ने दबिश देकर गांव नाहिल के तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि मामला केवल मारपीट का है। शाहजहांपुर की चौक कोतवाली के गांव मौजमपुर निवासी अजयपाल ने बताया कि वह रोडवेज बस में परिचालक है। रविवार को वह अनुबंधित बस से शाम सवा चार बजे चालक सिंधौली के गांव ढकिया हमीदनगर निवासी रामबरन के साथ बंडा के लिए रवाना हुआ। शाहजहांपुर से चार युवक बस के प्रवेश द्वार पर खड़े हो गए। उसने बस खाली होने की बात कहते हुए सीट पर बैठ जाने को कहा तो वह झगड़ा करने पर उतारू हो गए। पुवायां-बंडा मार्ग पर गांव नाहिल मोड़ के पास युवकों ने अपने चार अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और बस रुकवाकर उससे मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान टिकट बिक्री के 4862 रुपये भी लूट लिए। मारपीट से सवारियों में भगदड़ मच गई। लूट की घटना के बाद चालक बस को थाने ले आया और परिचालक ने मारपीट लूट की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी एके सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और असपास के लोगों से मामले की जानकारी लेकर गांव नाहिल के तीन युवकों को पकड़ लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लूट नहीं, सिर्फ मारपीट हुई
गांव नाहिल के युवकों का परिचालक के विवाद हो गया था। इसको लेकर परिचालक से मारपीट की गई है। युवकों की पहचान कर ली गई है। लूट जैसी घटना नहीं हुई है। बस में बैठे यात्रियों ने भी मारपीट की बात कही है।-एके सिंह कोतवाली प्रभारी पुवायां