थाना कांट क्षेत्र के कृभको श्याम फर्टिलाइजर (केएसएफएल) के आवासीय परिसर में बने मकान में मंगलवार की शाम 52 वर्षीय सुरक्षा गार्ड महेंद्र सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर विसरा जांच के लिए रख लिया गया है।
बिहार के जिला रोहताश के थाना विक्रमगंज क्षेत्र के गांव कौहूआरा निवासी महेंद्र सिंह केएसएफएल में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक महेंद्र शराब के आदी थे। इसी वजह से उनकी पत्नी और बच्चे उन्हें यहां छोड़कर बिहार चले गए थे। पिछले दो दिन से महेंद्र ड्यूटी नहीं गए थे। दो दिन से उनका दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन नहीं खुला। अनहोनी की आशंका में मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर देखा कि महेंद्र का शव जमीन पर पड़ा है। पुलिस ने छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर देर शाम पहुंचे मृतक के परिवार वाले शव अपने साथ बिहार ले गए हैं।