देवस्थान की जमीन को लेकर प्रधान तथा गांव वालों के बीच चल रहे विवाद ने रविवार को गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि ग्रामीणों द्वारा देव स्थान पर बनवाये गये हवन कुंडों को पुलिस की मौजूदगी में प्रधान पक्ष ने तोड़ दिया। इस दौरान विरोध करने पर देव स्थान की देखरेख कर रही महिला पुजारी के साथ भी मारपीट की गई। इससे भड़के ग्रामीणों ने कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बझेड़ा पुलिया के पास जाम लगा दिया। करीब आधा घंटा रोड जाम लगने से हड़कंप मच गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ उमेश शर्मा ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
मामला बझेड़ा महुआ डांडी के मझरा कैथा की मड़ैया का है। बताते हैं कि यहां पर करीब 50 साल पुराना एक देव स्थान है। इस देव स्थान की कुछ जमीन ग्राम प्रधान के नाम बताई जा रही है जबकि ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन की कीमत का उन लोगों ने चंदा करके भुगतान कर दिया था। हालांकि लिखापढ़ी न होने से जमीन प्रधान के परिवार के नाम ही चली आ रही है। रविवार को देव स्थान पर हवन आदि के लिए कुंडों का निर्माण कराया गया। यह पता लगने पर प्रधान पक्ष के लोग पुलिस को लेकर वहां पहुंच गये और अपनी जमीन बताते हुए हवन कुंडों को तोड़ दिया। पुजारिन कुसुमलता ने विरोध किया तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना से ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों का गुस्सा देख पुलिस ने वहां से खिसक लेने में अपनी भलाई समझी। उधर इस मामले में एकतरफा कार्रवाई से भड़के तमाम ग्रामीण हाइवे पर जा पहुंचे और रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी की। करीब आधा घंटे जाम के बाद मौके पर पहुंचे सीओ उमेश शर्मा ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस संबंध में कोतवाली इंचार्ज लोकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलवाया है और मामले की जांच की जा रही है। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उधर प्रधान पति स्वदेश सिंह ने बताया कि देव स्थान के पास जमीन उनकी है। कुछ लोग देव स्थान की आड़ में उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।