कोतवाली क्षेत्र की आनंदपुरम कॉलोनी में रहने वाले नरेंद्र मिश्रा के बंद घर से चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर करीब पांच लाख के जेवर और नगदी चोरी कर लिए। मामले में कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आनंदपुरम कॉॅलोनी में रहने वाले नरेंद्र मिश्रा पूरनपुर (पीलीभीत) में टाइम कीपर के पद पर कार्यरत हैं। नरेंद्र 27 मई को मकान में ताला लगाकर अपनी पत्नी कांति मिश्रा के साथ बेटी पल्लवी के घर दिल्ली गए थे। नरेंद्र रविवार की रात करीब दो बजे दिल्ली से लौटे तो मकान का मुख्य दरवाजा खोलते ही उसमें लगी खिड़की टूटी दिखाई दी। अंदर का दरवाजा भी खुला हुआ था। चोरों ने अंदर वाले कमरे के दरवाजे पर लगा ताला काटकर स्टोर में रखी अलमारी का ताला भी तोड़ दिया था। अलमारी में रखे 18 हजार रुपये, दो सोने के मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झाले, तीन सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी टाप्स, एक जोड़ी चांदी की बड़ी पायल, चार जोड़ी चांदी की छोटी पायल, 22 चांदी के सिक्के, एक सीडी प्लेयर गायब था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर नरेंद्र की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।