शाहजहांपुर। कोतवाली चौक इलाके के मोहल्ला अजीजगंज में लुटेरों ने सुतली बांध कर साइकिल सवार को गिरा दिया और हैंडिल पर लटका बैग लेकर फरार हो लिए। बैग में पांच हजार रुपये के अलावा जरूरी कागजात रखे थे घटना की सूचना पर अजीजगंज चौकी पुलिस ने तत्काल चीता मोबाइल को भेजा लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला।
कोतवाली चौक इलाके ग्राम मौजमपुर निवासी अग्रिम शील गौतम साइकिल से दोपहर 12 बजे कचेहरी जा रहे थे, तभी अजीजगंज के पास लुटेरों ने साइकिल में सुतली फंसा कर उनका रास्ता रोक लिया। जब वह रुके तो उन्होंने उनके ऊपर गर्म पानी फेंक दिया। जिससे वह सड़क पर गिर गए। लुटेरों ने मौका पाकर साइकिल के हैंडिल में लटक रहा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बैग में पांच हजार रुपये नगद एवं उनके जरूरी कागजात थे। उन्होंने तत्काल अजीजगंज चौकी के एसआई विपिन शर्मा को जानकारी दी। एसआई ने तत्काल चीता मोबाइल भेज कर लुटेरों की तलाश कराई। तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। एसआर्ई ने बताया कि सूचना के आधार पर लुटेरों की तलाश कराई गई थी, लेकिन कोई मिला नहीं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।