पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार
मसाला कारोबारी से लूटी गई नकदी के पांच हजार रुपये बरामद
नहर पटरी पर दंपति से लूटा गया मोबाइल और झाले भी मिले
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/मुडिया पमार। सिंधौली थाना पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान मुठभेड़ में चार लुटेरों को गिरफ्तार कर मसाला कारोबारी व दंपति से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों के पास से लूटी गई बाइकें, नकदी, मोबाइल, झाले बरामद किए हैं। इन लोगों के पास से पुलिस को दो तमंचे, कारतूस व दो चाकू भी मिले हैं।
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि थाना सिंधौली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने रविवार रात गश्त के दौरान उमरिया पुल के पास मुठभेड़ में पुवायां के गांव भटपुरा चंदू निवासी पंकज उर्फ पिंकू, बब्लू, हरदोई के थाना मझिला के गांव केथापुरवा मजरा निवासी राजकुमार, बंडा के गांव इंदलपुर निवासी चुंगालीराम को गिरफ्तार कर लिया। यह लोग अलग-अलग दो बाइकों पर सवार थे। पूछताछ में इन लोगों ने सिंधौली के गांव गोरारायपुर निवासी विजयपाल व उसकी पत्नी के साथ आठ जुलाई को रोकुइयां नहर पटरी के पास मोबाइल, कान के झाले लूटने व 15 अगस्त को मसाला कारोबारी शहर स्थित सिटी पार्क निवासी प्रिंस गुप्ता से बरुआरा के पास 35 हजार रुपये लूट की घटना को कबूल कर लिया। एसपी ने बताया कि बब्लू व राजकुमार इन दिनों बरेली के बिसारतगंज क्षेत्र के गांव डेरा टांडा में रह रहे हैं। बब्लू पर अल्हागंज और लखीमपुर खीरी के पसगवां थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजकुमार के खिलाफ भी पसगवां थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस टीम को 315 बोर के दो तमंचे, छह कारतूस, दो चाकू, एक पसगवां थाना क्षेत्र से चोरी की गई बाइक, बिलसंडा क्षेत्र के सिंघापुर पुल के पास लूटी गई बाइक, मसाला कारोबारी से लूटी गई रकम में से पांच हजार और दंपति से लूटा गया मोबाइल व झाले भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए लुटेरों ने बताया कि वह बहुरूपिया बनकर जगह-जगह नाच-गाना करके भीख मांगते हैं, भीख में भरपेट खर्चा नहीं मिलने पर मौका पाकर लूट कर लेते हैं।