पुवायां (शाहजहांपुर)। फायरिंग और मारपीट के मामले में मौके पर पहुंची यूपी-100 पुलिस के सिपाही के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी गई। सूचना पर कोतवाली में खलबली मच गई। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
19 अप्रैल की रात साढ़े 11 बजे गांव भटिउरिया बुजुर्ग के प्रवेश कुमार ने यूपी-100 पर सूचना दी कि उसकी ससुराल के लोग मारपीट कर रहे हैं और फायरिंग कर रहे हैं। इस पर पीआरवी 1383 पर तैनात सिपाही सुमित कुमार साथी पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचा। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ लग गई और दोनों पक्षों के लोग पुलिस के सामने अपना पक्ष रखने लगे। बातचीत के दौरान एक पक्ष से पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव भूरी पट्टी निवासी प्रवेश और सोमपाल ने दूसरे पक्ष के गांव भटिउरिया बुजुर्ग के सौरभ यादव को पीटना शुरू कर दिया।
सिपाही सुमित कुमार ने मारपीट करने वालों को दूर हटने को कहा तो प्रवेश उर्फ परमिश और सोमपाल ने उस पर हमलाकर दिया और थप्पड़, लात-घूसे आदि प्रहार कर घायल कर दिया। उसकी वर्दी भी फाड़ दी। अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल रहे। सिपाही ने मामले की सूचना कोतवाली को दी तो पुलिस में खलबली मच गई। कोतवाली से काफी फोर्स गांव पहुंचा और भीड़ को खदेड़ने के साथ ही आरोपियों को भी दबोच लिया। सिपाही की ओर से कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
मारपीट की सूचना यूपी-100 की टीम को दी गई थी। इस पर पुलिस टीम गांव पहुंची थी। टीम में शामिल सिपाही सुमित कुमार ने जब उन लोगों को समझाने की कोशिश की तो झगड़ा कर रहे दो लोग सिपाही के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। सूचना पर और पुलिस बल को भेज सिपाही से मारपीट करने के आरोपी दो लोगों को गिरफ्तार करा चालान भेजा गया है। सिपाही सुमित की ओर से सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रवीण सिंह यादव, सीओ पुवायां