खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार निवासी एक युवक नोएडा से घर के लिए चला, लेकिन बरेली से लापता हो गया। युवक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर भाई का पता लगवाए जाने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला पूर्वी गढ़ी निवासी गया प्रसाद ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई विजय कुमार नोएडा में मजदूरी का काम करता है। शुक्रवार को विजय कुमार ने नोएडा से चलने पर अपनी पत्नी पूजा देवी को फोन किया था। रात करीब आठ बजे पत्नी पूजा देवी ने पति से फिर से बात की तो विजय कुमार ने बताया कि बरेली केे सेटेलाइट बस स्टैंड पर आ चुका है और शाहजहांपुर के लिए बस का इंतजार कर रहा है। इसके बाद उसने फोन काट दिया। देर रात तक विजय घर नहीं पहुंचा और उसका फोन भी स्विच ऑफ बताने लगा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। गया प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर भाई विजय कुमार का जल्द पता लगवाए जाने की मांग की है। पुलिस विजय की तलाश कर रही है, विजय के परिवार के लोग भी उसकी तलाश में बरेली गए हैं।