मुलायम, अखिलेश, मायावती पर अभद्र टिप्पणी, भड़के लोग
फेसबुक पर डाली गई पोस्ट, गेस्ट हाउस कांड को याद दिलाकर पूछी समाजवाद की परिभाषा
सदर बाजार कोतवाली में तहरीर देकर मामला दर्ज किए जाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
सपा संरक्षक व पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी फेसबुक पर पोस्ट किए जाने से समर्थकों का गुस्सा भड़क गया। दर्जनों की संख्या में लोग सदर कोतवाली पहुंच गए और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने को लेकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ठाकुर अजय प्रताप सिंह के नाम फेसबुक आईडी से 15 अप्रैल को डाली गई पोस्ट में गेस्टहाउस कांड को उजागर करते हुए मुलायम सिंह और अखिलेश पर टिप्पणी करते हुए समाजवाद की परिभाषा के साथ अखिलेश से माया का रिश्ता भी पूछा गया है। इस पोस्ट को लाइक करने के साथ कुछ लोगों ने टिप्पणी भी की है। पोस्ट डाले जाने के बाद गुस्साए लोगों में शामिल प्रसून कुमार, चौधरी सौमित्र यादव, अनुज यादव, मुकेश यादव, उपदेश यादव आदि लोग सोमवार दोपहर सदर बाजार कोतवाली पहुंच गए और मामले की तहरीर देकर फेसबुक पर पोस्ट डालने वाले ठाकुर अजय प्रताप सिंह के खिलाफ जांच कर एससी एसटी व आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसके बाद एसपी कार्यालय पहुंचकर भी पीआरओ को ज्ञापन की एक प्रति सौंपी।