शाहजहांपुर। हादसे में मौत का शिकार हुए होमगार्ड के परिजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि होमगार्ड की थाने में पीट-पीटकर हत्या की गई है। बाद में पुलिस ने वीडियोग्राफी के साथ पैनल से पोस्टमार्टम कराने जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद शांत हुए।
थाना कांट क्षेत्र के गांव मोहनपुर ममरेज निवासी 55 वर्षीय होमगार्ड रामनाथ शनिवार रात नौ बजे कांट थाने से साइकिल से अपने गांव जा रहे थे। मोहनपुर-डिंगुरपुर के बीच किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने 108 एंबुलेंस के जरिए घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। उसके शव को जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया गया। परिवार के लोग रात में ही जिला अस्पताल पहुंच गए थे। रविवार सुबह परिजनों ने अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिस कर्मियों पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि रामनाथ को घर से बुलाया गया, उनके पास रुपये भी थे, यह रुपये वह मौरंग-बजरी वाले को देने के लिए ले गए थे, पुलिस ने वह भी ले लिए। थानाध्यक्ष अमर सिंह ने परिजनों को शांत किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रथम दृष्टतया मामला हादसे में मौत का है। वीडियोग्राफी के साथ पैनल से होमगार्ड के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, परिजन जो भी आरोप लगा रहे हैं, उन पर गहराई से पड़ताल करा ली जाएगी, जो जांच में सामने आएगा, उसी हिसाब से कार्रवाई होगी।
अरुण चंद्र, सीओ सदर