सिंधौली (शाहजहांपुर)। लापता हुए ग्रामीण का शव पुलिस ने मंगलवार देर रात शारदा नहर पटरी से बरामद किया। घरवालों ने बुधवार दोपहर थाने और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पुलिस के मुताबिक उसे किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव उल्लिया निवासी 50 वर्षीय गंगाराम मंगलवार शाम को घर से बिना बताए चले गए और देर शाम तक वापस नहीं आए। इस पर उनकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार दोपहर तक जब वह वापस नहीं आए तब फिर परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। जहां पुलिस ने मृतक का फोटो दिखाया तब पता चला कि यह तो गंगाराम हैं, फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। थाना इंचार्ज ने बताया कि गांव उल्लिया और शिवनगरा गांव के बीच शारदा नहर पटरी किनारे गंगाराम का शव मंगलवार रात लगभग 11 बजे बरामद हुआ था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काटा है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।