जिला प्रोवेशन कार्यालय का आरोपी लिपिक गिरफ्तार
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। जैतीपुर पुलिस ने फर्जी पेंशन घोटाला कांड में जिला प्रोवेशन कार्यालय में तैनात उर्दू अनुवादक एवं वरिष्ठ सहायक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
जैतीपुर कस्बा निवासी रविंद्र गुप्ता ने वर्ष 2018 में तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी कि जैतीपुर एवं गढ़िया रंगीन क्षेत्र में कई अपात्र विधवा, दिव्यांग, वृद्धा पेंशन योजना का लाभ ले रहे हैं। जांच में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है। जिस पर डीएम अमृत त्रिपाठी ने मामले की जांच जिला समाज कल्याण अधिकारी को सौपी थी। समाज कल्याण अधिकारी ने मामले की जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। जिसमें जैतीपुर क्षेत्र में 104 और गढ़िया रंगीन क्षेत्र में 55 लाभार्थी अपात्र पाए गए थे। आरोप है कि कई लाभार्थियों के नाम पते तक फर्जी पाए गए। डीएम के निर्देश पर तिलहर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजेश्वर सिंह ने इस पेंशन फर्जीवाड़े में जिला प्रोवेशन कार्यालय में तैनात उर्दू अनुवादक व वरिष्ठ सहायक नासिर मेंहदी जैदी निवासी गांव महमूदपुर थाना पिहानी जिला हरदोई के विरुद्ध 19 अक्तूबर 2018 को जैतीपुर और गढ़िया रंगीन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीपीओ/प्रभारी जिला प्रोवेशन अधिकारी ज्योति शाक्य ने बताया कि आरोपी लिपिक एडीएम कार्यालय से अटैच था।
000
सोमवार रात को जैतीपुर थाना पुलिस ने आरोपी को शाहजहांपुर से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
मंगलसिंह रावत,सीओ