सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव नागरपाल में शुक्रवार रात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़ दिया और यहां से जेवर समेत ढाई लाख की कीमत का सामान बटोर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली और जांच कर जल्द घटना के खुलासे का आश्वासन दिया।
नागरपाल निवासी महेंद्र सोमवार को मकान में ताला लगाकर पत्नी और बच्चों के साथ अपनी ससुराल लखनऊ गए हुए थे। रात में किसी समय चोरों ने उनके मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने यहां से बक्से व अलमारी का लॉक तोड़कर इनवर्टर, टीवी, तीन सोने की अंगूठी, एक मटर माला, गले की जंजीर, झाले, कुंडल, पैंडिल, टप्स दो जोड़ी, पायल, चूड़ी, प्रेस व अन्य सामान चोरी कर लिया। पड़ोस के लोगों ने सुबह महेंद्र के मुख्य गेट का ताला टूटा देखा तो उन्हें मोबाइल पर कॉल करके सूचना दी। महेंद्र लखनऊ से लौटे तो देखा कि जेवर आदि सामान गायब था। उन्होंने मामले की तहरीर पुलिस को दी। हल्का इंचार्ज मदनपाल ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना कर मामले की जानकारी की। बाद में जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित ने बताया कि चोर उसे लगभग ढाई लाख से अधिक की चपत लगा गए। वहीं चोरी इस घटना के बाद से गांव वाले दहशत में हैं क्योंकि दो दिन पहले एक युवक ने तमंचा लहराकर दहशत फैला दी थी, अब चोरी की वारदात से लग रहा है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है।