तिलहर(शाहजहांपुर)। बृहस्पतिवार देर शाम मौजमपुर स्थित बाजार में छापेमारी कर पुवायां पुलिस ने एक कॉस्मेटिक व्यापारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के छापे से बाजार में हड़कंप मच गया। बताते हैं कि पुवायां पुलिस ने नकली नोटों के कुछ कारोबारियों को पकड़ा है। इस रैकेट से पकड़े गए व्यापारी की संलिप्तता भी बताई जा रही है।
रात लगभग आठ बजे पुवायां पुलिस की टीम ने बाजार मौजमपुर में एक कॉस्मेटिक व्यापारी की दुकान पर छापा मारा। इससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। लोग कुछ समझ पाते तब तक पुलिस ने कास्मेटिक व्यापारी को उठाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और साथ ले गई। व्यापारी को अचानक उठा ले जाने की बाजार में खासी चर्चा है। प्रभारी कोतवाल एसएसआई बीके मौर्य ने बताया कि पुवायां थाने की टीम आई थी और यहां के एक कॉस्मेटिक व्यापारी को उठा ले गई है। मौर्य के अनुसार कॉस्मेटिक व्यापारी का नक़ली नोटों के काले धंधे में हाथ बताया जा रहा है। पुवायां पुलिस ने कुछ लोगों को नकली नोट गैंग के कुछ बदमाशों को पकड़ा है। उनसे कड़ी पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर ही पुवायां पुलिस यहां से कॉस्मेटिक व्यापारी को हिरासत में ले गई है।