टैंकर से कुचलकर देवर-भाभी समेत तीन की मौत
हरदोई के कांवड़िया की भी हादसे में चली गई जान, दो घायल
बस स्टैंड के सामने आधी रात को हुई घटना
फोटो-28,29,30,31,32
अमर उजाला ब्यूरो
अल्हागंज। बृहस्पतिवार रात कस्बे के रोडवेज बस स्टेशन के सामने गैस टैंकर से कुचलकर एक कांवड़िया व देवर-भाभी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। मृतक के परिजनों ने टैंकर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना की रिपोर्ट चालक के खिलाफ नामजद दर्ज कराई गई है।
कस्बे के मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी 26 वर्षीय श्रीकृष्ण अपनी मां भगवाना देवी और भाभी 35 वर्षीय मानशीला पत्नी महेंद्र के साथ अपने भाई अजय की तलाश में रोडवेज बस स्टैंड के पास खड़े थे, वहीं कुछ देर पहले फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गंगाजल लेकर आ रहे हरदोई के थाना सांडी के गांव उल्लामऊ निवासी 45 वर्षीय सत्यपाल पुत्र मेवाराम कांवड़ बदलने के लिए अपने साथी साहबगंज निवासी नंदकिशोर पुत्र विश्राम के इंतजार में अपने बहनोई मुन्नू के साथ खड़ा था। तभी जलालाबाद की ओर से आए तेज रफ्तार गैस से भरे टैंकर ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में श्रीकृष्ण, मानशीला और कांवड़िया सत्यपाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि अजय और भगवाना देवी चोटिल हो गईं। घटना के तुरंत बाद लोगों की भीड़ लग गई और उन लोगों ने टैंकर के चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने बरेली के अलीगंज क्षेत्र के गांव महोलिया निवासी चालक ओमेंद्र की पिटाई कर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की रिपोर्ट मृतक सत्यपाल के बहनोई चंपतपुर निवासी मुन्नू सिंह पुत्र रामलाल की तहरीर पर चालक के खिलाफ धारा 304 के तहत नामजद दर्ज कर ली। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चालक ने उनके साले सत्यपाल की उत्तेजना में टैंकर से कुचलकर हत्या कर दी है।
-----------
श्रीकृष्ण का परिवार गरीबी से बेहाल
कस्बे के मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी श्रीकृष्ण पुत्र राजबहादुर व मानशीला पत्नी महेंद्र मुफलिसी में अपनी बसर कर रहे थे। इस दुर्घटना ने दोनों परिवारों की कमर तोड़ दी। मानशीला अपने पीछे दो पुत्र अजय, आकाश व तीन पुत्रियां आरती, शिवानी, दिवांशु छोड़ गईं। पति महेंद्र दिमागी रूप से कमजोर है। सब्जी बिक्री करके परिवार को गुजारा हो रहा है। श्रीकृष्ण भी सब्जी बेचकर गुजर-बसर कर रहा थे। श्रीकृष्ण के भी दो पुत्र हैं, बड़ा पुत्र पांच वर्ष व छोटा पुत्र डेढ़ वर्ष का है। पत्नी सीता का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है।
----------
मृतक सत्यपाल नहीं चढ़ा पाया कांवड़
सत्यपाल के बहनोई अल्लागंज क्षेत्र के ही गांव चंपतपुर निवासी मुन्नू सिंह ने बताया कि उनके साले की बिवियापुर थाना पचदेवरा, हरदोई के पांडव कालीन शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाने की इच्छा पूरी नहीं हो सकी। उसकी कांवड़ बस स्टेशन पर ही पड़ी रह गई।
--------
यूपी 100 बाइक भी हुई क्षतिग्रस्त
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस की यूपी 100 डायल बाइक भी मौके पर खड़ी थी। टैंकर की टक्कर से वह भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें पुलिसकर्मी भी बाल बाल बच गए।
--------
भाग्यशाली रहा संजू व उसकी पुत्री
बस स्टेशन के तिराहे के घटनास्थल के पास मिठाई की दुकान लगाकर अपनी गुजर-बसर करने वाले संजू व उसकी पुत्री भाग्यशाली रहे, जो टैंकर की चपेट में आने से बच गए। बताते हैं कि रात में बूंदाबांदी होने की वजह से संजू व उसकी पुत्री बृहस्पतिवार की रात को अपनी दुकान के आगे नहीं सोए हुए थे। बूंदाबांदी के चलते सभी अपने घर सोए थे। वैसे अधिकतर दोनों अपनी दुकान के सामने ही सोते थे।