मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। एटीएम से रुपये निकालने गए टेंपो चालक का कार्ड बदलकर ठगों ने उसके खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
कस्बा के मोहल्ला तहबरगंज निवासी अनिल गंगवार अपना टेंपो चलाता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे वह स्टेशन रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने लगे इंडिया कंपनी के एटीएम से रुपये निकालने गया था। उसने एटीएम में कार्ड लगाया, लेकिन किन्ही कारणों से सिस्टम ने सही काम नहीं किया। जिस कारण उसके रुपये नहीं निकल सके। इसी बीच अजनबी भी रुपये निकालने की बात कहकर एटीएम में घुस आए। उन्होंने उसकी मदद करने की बात कहते हुए उसके 4500 रुपये तो निकलवा दिए। इसी दौरान उन्होंने उसका एटीएम बदल लिया। वह रुपये लेकर घर पहुंच गया। करीब दो घंटे बाद उसके मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। तो वह तत्काल भारतीय स्टेट बैंक पहुंचा और उसने अपना खाता चेक करवाया तब तक ठग उसके खाते से 45000 रुपये निकाल चुके थे। अनिल ने घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने बैंक जाकर शाखा प्रबंधक से जरूरी जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। थाना प्रभारी विद्युत गोयल ने बताया कि मामला ठगी का है जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।