शाहजहांपुर। शहबाजनगर तिराहे के पास 18 अप्रैल को रात नौ बजे उस्मान और उसके साथियों को मारपीट व फायरिंग कर घायल करने के आरोपियों में से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए लोगों के पास से दो 315 बोर व एक 32 बोर का असहाल व काफी मात्रा में कारतूस भी मिला हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं।
सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार सुबह पंचपीर तिराहे के पास जानलेवा हमले के आरोपी मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी इरम, शहबाजनगर निवासी कासिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कासिफ के पास से एक 315 बोर का तमंचा और पांच कारतूस व इरम की निशानदेही पर उसके घर से 32 बोर का असलाह व आठ कारतूस बरामद कर किया। वहीं तीसरे आरोपी मोहल्ला ककरा कलां निवासी फैजान खां को विजया बैंक के पास तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा और एक कारतूस मिला है। आरोपियों ने 18 अप्रैल की रात नौ बजे शहबाजनगर तिराहे के पास बीबीजई हद्दफ निवासी उस्मान और उसके साथियों के साथ मारपीट करते हुए फायरिंग की थी। जिसमें उस्मान को गोली लग गई थी और उसके साथी रवि, वसीम को पिटाई में चोटें आईं थीं। पुलिस ने उस्मान की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस को इस मामले में अभी तीन और आरोपियों की तलाश है।