तिलहर (शाहजहांपुर)। शनिवार देर रात डीएम के निर्देश पर नगर पालिका व पुलिस प्रशासन ने बाजार विरियागंज स्थित एक विवादित स्थल पर रात के अंधेरे में निर्माण करा रहे लोगों को खदेड़ कर अवैध निर्माण तुड़वा दिया। इस दौरान निर्माण करा रहे लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई। नगर पालिका प्रशासन ने अवैध निर्माण तुड़वा कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि बिरियागंज बाजार स्थित सड़क किनारे नगर पालिका की जमीन है। जमीन पर नगर के मोहल्ला दातागंज मोहल्ला निवासी व्यापारी ओमप्रकाश ने कई वर्ष पहले अवैध कब्जा कर लिया था। कब्जे को हटवा कर जमीन के स्वामित्व को लेकर नगर पालिका का कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। बताया कि शनिवार की देर रात ओम प्रकाश इस विवादित जमीन पर गुपचुप तरीके से दीवार बनाकर गेट लगा रहे थे। जिसकी सूचना किसी ने डीएम को दे दी।
डीएम के निर्देश पर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार कुशवाहा, वरिष्ठ लिपिक दिग्विजय सिंह, भू संपत्ति विभाग के मोहम्मद अय्यूब, सीओ मंगल सिंह रावत व कोतवाल संजय राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अवैध निर्माण करा रहे ओम प्रकाश गुप्ता व उनके परिजन से निर्माण को तोड़ने को कहा। जिस पर निर्माण करा रहे लोगों की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। इस पर पुलिस ने उन लोगों को खदेड़ दिया। नगर पालिका की टीम ने अवैध निर्माण को तोड़ दिया। पालिका ईओ ने बताया कि अवैध निर्माण हटाए जाने की सूचना जिलाधिकारी को भेज दी गई है।