तिलहर (शाहजहांपुर)। पिस्टल की सौदेबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हिरासत में मौजूद युवक से पुलिस चार दिन बाद भी न तो पिस्टल बरामद कर पाई है और न ही उसके साथियों को पकड़ पाई है। हालांकि पुलिस को अब भी उम्मीद है कि वह युवक के जरिये पिस्टल बरामद करने में कामयाब हो जाएगी।
चार दिन पहले तिलहर पुलिस को सूचना मिली की नगर व जलालाबाद क्षेत्र के कुछ शातिर युवकों के पास चोरी का पिस्टल मौजूद है। पिस्टल की सौदेबाजी करते हुए एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक मोबाइल पर बात करके हुए कह रहा है कि लाइसेंसी पिस्टल है, खरीदोगे। वह युवक पिस्टल की कीमत 22 हजार रुपये बता रहा है। इसी वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया, हिरासत में लेकर उससे पूछताछ जारी है लेकिन अभी तक पुलिस को उससे सफलता नहीं मिल पाई है। हालांकि पुलिस को पकड़े गए युवक के साथी को सत्तापक्ष के नेता के दबाव में छोड़ना भी पड़ा है। वहीं थानाध्यक्ष संजय राय का कहना है कि चोरी की पिस्टल बेचे जाने का मामला संज्ञान में आने पर एक युवक को हिरासत में लिया गया है, उससे अभी पूछताछ की जा रही है, जल्द ही पिस्टल को बरामद कर लिया जाएगा।