बिसौली (बदायूं)। बहजोई से तेरहवीं की दावत खाकर बाइक से लौट रहे चचेरे-तहेरे भाइयों की बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक भाई ने हादसे के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों के बीच में बैठा एक भाई का बेटा इस हादसे में बाल-बाल बच गया। पुलिस ने दोनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखूपुरा निवासी देवपाल (36) पुत्र अलवेल सिंह यादव और रामविलास (25) पुत्र साहिब सिंह चचेरे-तहेरे भाई थे। शुक्रवार को वे अपने मौसा की तेरहवीं की दावत खाने बहजोई गए थे। उनके साथ देवपाल का बेटा राजू (10) भी था, जो बाइक पर दोनों के बीच में बैठा था। तीनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बिसौली कोतवाली क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिससे देवपाल व रामविलास गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि राजू किसी तरह छिटकर दूर जा गिरा। उसे मामूली चोटें आईं। इस दौरान उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और उनके परिवार वालों को सूचना दी। इससे परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। परिवार वाले हालत देखकर दोनों को उसी समय बरेली ले जा रहे थे, लेकिन तब तक देवपाल की मौत हो गई। परिवार वाले देवपाल के शव को वापस ले आए, जबकि रामविलास को बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। परिवार वालों के मुताबिक उनकी सूचना पर पुलिस ने देवपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं पाया था कि उसी समय बरेली में रामविलास ने भी दम तोड़ दिया। रामविलास के शव का बरेली में पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि देवपाल का पोस्टमार्टम बदायूं में हुआ। उसके बाद परिवार वाले शव को अपने घर ले गए। हादसे के बाद से दोनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जाको राखे साइयां.....
- हादसे के वक्त देवपाल और रामविलास जहां गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं राजू को मामूली चोटें आईं। बताते हैं कि टक्कर के बाद वह छिटककर दूर जा गिरा था। पोस्टमार्टम हाउस पर बैठे मृतक देवपाल के परिजन भी इस बात पर चर्चा कर रहे थे। राजू इतनी दहशत में था कि कुछ बता तक नहीं पा रहा था। पूछने पर उसने बस इतना ही कहा कि टक्कर के बाद क्या हुआ उसे नहीं पता।