श्रमिक को वाहन ने मारी टक्कर, मौत
बंडा (शाहजहांपुर)। चाची के अंतिम संस्कार में शामिल होने घर जा रहे श्रमिक को एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
बंडा के गांव कंधरपुर निवासी 35 वर्षीय प्रेमपाल पूरनुपर की घुंघचिहाई पुलिस चौकी के गांव दिलावरपुर में भट्ठे पर काम करता था। रविवार को सूचना मिली कि उसकी चाची की मौत हो गई है। प्रेमपाल चाची के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रविवार शाम को बाइक से घर के लिए रवाना हुआ। पूरनपुर बंडा रोड पर कसगंजा मोड़ के पास अज्ञात वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे प्रेमपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रेमपाल की मौत की जानकारी घर पहुंची तो उसकी चाची की मौत से दुख परिवार में कोहराम मच गया। प्रेमपाल अपने घर का अकेला कमाऊ सदस्य था। घुंघचिहाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। उसकी मौत से पत्नी उर्मिला देवी, पुत्री 18 वर्षीय संध्या देवी, 16 वर्षीय मधु देवी, 10 वर्षीय नीलम और 12 वर्षीय पुत्र शिवम का रो रोकर बुरा हाल है।