शाहजहांपुर। जलालाबाद में पति को बचाने पहुंची गर्भवती महिला को हमलावरों ने बुरी तरह पीटा था। इससे महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला हाफीजनगर निवासी रिंकू ने पुलिस को बताया कि 19 अक्तूबर की दोपहर वह एक दुकान पर मोबाइल रिचार्ज कराने गया था। वहां मौजूद मोहल्ले का रजत गंदी मजाक करने लगा। मना करने पर वह झगड़ा करने पर उतारू हो गया। लोगों द्वारा बीच बचाव करने पर वह घर लौट आया। रिंकू के अनुसार रजत इस बात की रंजिश मान गया और देर शाम वह मोहल्ले के ही निवासी अपने साथी सूरज और प्यारे को साथ लेकर उसके घर पर आ गया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी अजूबी उसे बचाने पहुंची तो उसे भी हमलावरों ने लात घूंसों से पीटा। अन्य लोगों के आ जाने पर हमलावर भाग गए। गर्भवती होने की वजह से उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। इसके चलते उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आरोप है कि पिटाई के कारण पत्नी के गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। जिसे डाक्टरों ने ऑपरेशन करके निकाला। बच्चे की मौत की जानकारी मिलने पर चार नवंबर को रिंकू की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मृत बच्चे का पोस्टमार्टम करवाया है। थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।