शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव कैलहा निवासी राम खिलावन (45) 12 अक्तूबर से लापता थे। शुक्रवार को कुरसेही गांव के पास उनका शव रस्सी के सहारे बबूल के पेड़ से लटका मिला।
करीब सप्ताह भर पहले ग्राम कैलहा निवासी रामप्रकाश ने पत्नी मीरा देवी को पीटा और उसकी नाक चबाकर घायल कर दिया था। महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मीरा का जेठ राम खिलावन 12 अक्तूबर को खाना लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज जाने की कहकर घर से निकला था। इसके बाद राम खिलावन न राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और न ही अपने घर लौटे। तभी से परिजन उन्हें तलाश रहे थे।
शुक्रवार सुबह कुरसेही के पास ग्रामीणों ने राम खिलावन का शव रस्सी के सहारे बबूल के पेड़ से लटका देखा। इसका पता लगने पर परिजन मौके पर जा पहुंचे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे अमरजीत के मुताबिक परिजन को किसी पर कोई शक नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।