निगोही में चंद्रपाल सिंह के मकान में नकव लगा कर की गई चोरी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
निगोही। थाना क्षेत्र के गांव खिरिया के तीन मकानों में नकब लगाकर दाखिल हुए बदमाश नकदी-जेवर समेत लगभग आठ लाख रुपये का माल ले गए। वहीं एक अन्य मकान में घुसे बदमाश को गृहस्वामी ने पकड़ लिया। साथी को छुड़ाने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी। गृहस्वामी से छूटकर बदमाश भाग गया। बदमाशों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
निगोही थाना क्षेत्र के गांव खिरिया निवासी चंद्रपाल सिंह सोमवार रात टिन शेड के नीचे सो रहे थे। मकान की दीवार में नकब लगा कर बदमाश घर में दाखिल हुए। खटपट सुनकर कमरे में सो रहे बेटे दंगल सिंह की आंख खुल गई और उसने एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश और दंगल सिंह के बीच उठापटक होने लगी। जब बदमाश छूट नहीं पाया और चिल्लाया तो अन्य बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दंगल की पकड़ ढीली होने पर बदमाश वहां से भाग गया। फायरिंग और शोरशराबे से गांव में जाग हो गई। चंद्रपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि बदमाश लॉकर में रखे 25 हजार रुपये, जेवर-कपड़े सहित लगभग आठ लाख का माल ले गए हैं। इसके अलावा गांव खिरिया का ही रहने वाला वीरपाल घर में ताला डाल कर मजदूरी करने के लिए सपरिवार एक माह पूर्व गाजियाबाद चला गया था। मकान के पीछे नकब लगा कर बदमाश वीरपाल के घर में पहुंचे और कुछ जेवर, सामान ले गए। इसी गांव के ही रहने वाले प्रतिपाल सिंह के घर की दीवार में दो नकब बदमाशों ने लगाई। हालांकि यहां पक्का फर्श होने के कारण बदमाश अंदर दाखिल नहीं हो सके। चंद्रपाल सिंह ने निगोही थाना क्षेत्र के गांव उदयपुर कटैया निवासी तीन लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। सीओ सदर अरविंद कुमार ने बताया कि गांव खिरिया में चोरी की सूचना मिली है। पीड़ित ने बदमाशों को पहचानने का दावा किया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद