शाहजहांपुर। मंगलवार की रात मंदिर से दुर्गा जी की मूर्ति की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मंदिर से चोरी की गई मूर्ति भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के पास से ढाई सौ ग्राम अफीम भी मिली है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के बाड़ूजई द्वितीय मोहल्ले में स्थित शिव मंदिर से मंगलवार की रात पीतल की बनी मां दुर्गा की मूर्ति चोरी हो गई थी। मंदिर के पुजारी बजरंगी शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी थी। थाना सदर बाजार पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे रोडवेज बस अड्डे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मूर्ति भी बरामद कर ली गई है। आरोपी के पास से ढाई सौ ग्राम अफीम भी मिली है।
पकड़ा गया आरोपी करनवीर रैनबसेरे में रहता है। वह न केवल नशा करता है बल्कि पुड़िया बनाकर अफीम बेचता भी है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि 24 घंटे के अंदर मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। संवाद