रोजा में टीका करण करती स्वास्थ्य कर्मी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। कोरोना से लोगों को प्रतिरक्षित करने के लिए टीकाकरण कार्यक्रम को और मजबूत बनाया जा रहा है। इसके लिए जनपद में सोमवार से क्लस्टर मॉडल 2.0 लागू किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि टीकाकरण की प्रगति समीक्षा के अनुसार कोविड टीकाकरण को शत प्रतिशत सफल बनाने और प्रदेश में 15 नवंबर से पहले 15 करोड़ लोगों को टीका लगाने के लक्ष्य को पाने के लिए संचालित कार्यक्रमों के साथ अतिरिक्त प्रयास की जरूरत है।
अब नाइट सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रात दस बजे तक टीका लगाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि क्लस्टर मॉडल 2.0 अभियान के तहत जनपद में पं. राम प्रसाद बिस्मिल स्मारक संयुक्त जिला चिकित्सालय में नाइट सत्र का आयोजन सोमवार से शुरू हो चुका है। शहरी क्षेत्र में रोजगार संबंधी व्यस्तता के कारण टीकाकरण से वंचित लाभार्थियों के लिए फ्लेक्सी टाइमिंग व्यवस्था के अंतर्गत कोरोना टीकाकरण सत्र सुबह आठ बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित किया रहा है।
शहरी क्षेत्रों में यह व्यवस्था शासन द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में संचालित हो रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि देश के 100 करोड़ टीकाकरण में प्रदेश का करीब 13 करोड़ और जनपद का लगभग 20 लाख का योगदान रहा है। जनपद में ब्लॉक बंडा ने अपने लक्ष्य के सापेक्ष्य 102 प्रतिशत और सिंधौली ने 103 प्रतिशत लोगों को कोरोना का पहला टीका लगा दिया है।
जनपद में 31 अक्तूबर तक 17.42 लाख लोगों को कोरोना का पहला टीका लगाकर आंशिक प्रतिरक्षित किया जा चुका है। इसके साथ ही 5.39 लाख लोगों को कोविड टीकाकरण की दोनों डोज लगाकर पूर्ण प्रतिरक्षित किया जा चुका है। जनपद में अब तक कुल 22.81 लाख डोज लगाई जा चुकी हैं। जिन लोगों ने अभी तक कोरोना से बचने का टीका नहीं लगवाया है वे जल्द से जल्द टीकाकरण जरूर करवाएं। समय से दोनों डोज लगवाएं।