शाहजहांपुर में पार्टी कार्यालय पर बैठक को संबोधित करते कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता । सं
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री की कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा को कांग्रेस ने महज छलावा और सरकार का झूठा वायदा बताया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार गुप्ता ने शनिवार को टाउनहॉल स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक और पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार की किसी बात पर अब कोई जल्दी भरोसा नहीं करने वाला, जब तक कि कानूनों की वापसी के लिए संसद में अध्यादेश नहीं लाया जाता। उन्होंने बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को क्षेत्र भ्रमण कर किसानों को सरकार के फरेब से सावधान करने के निर्देश दिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि लगभग किसान आंदोलन को धीरे-धीरे एक साल हो गया और प्रधानमंत्री ने अब यह घोषणा की है, जबकि 700 से अधिक किसान इस आंदोलन में शहीद हो गए और न जाने कितनी मां बहन-बेटियां विधवा हो गईं। उन्होंने किसान संगठनों के नेताओं और समस्त विपक्ष को इस लड़ाई में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लखीमपुर कांड किसानों के साथ हुआ अक्षम्य अपराध है और उसे देश की जनता भुला नहीं पाएगी।
सरकार को संसद के शीतकालीन सत्र में इस बिल को वापस लेना होगा अन्यथा आने वाला समय हठधर्मी मोदी सरकार को सबक सिखा देगा। इस दौरान एआईसीसी सदस्य अशफाक उल्ला खां, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह, कृष्ण विनोद मिश्रा, निरंजन गर्ग, मीरा अजय पांडेय, गौरव त्रिपाठी, फुरकान अहमद कुरैशी, अदीब अहमद सिद्दीकी, शान मोहम्मद, कयूम खां, शाहिना खां, संजय सक्सेना, इरफान खां, साहिल खां, प्रत्यूष मिश्रा, इरफान खां आदि पदाधिकारियों समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।