बाघ के हमले में घायल गांव सिकरहनिया का गौरव
- फोटो : POWAYAN
बंडा। नव वर्ष पर बाइक से माता पूर्णागिरी के दर्शन करने जा रहे बंडा के गांव सिकरहनियां निवासी गौरव पर खटीमा के जंगल में बाघ ने हमला कर दिया। बाद में युवक का खटीमा के सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया। युवक की हालत ठीक है और वह घर लौट आया है।
सिकरहानियां निवासी सुरेश सिंह का 17 वर्षीय पुत्र गौरव सिंह अपने साथी कल्यान सिंह, देवेंद्र सिंह के साथ नव वर्ष पर शनिवार को बाइक से माता पूर्णागिरि धाम जा रहे थे। उनके साथ दूसरी बाइक से गांव के ही अमित और सीपू भी थे। पूरनपुर से खटीमा मार्ग पर जंगल में चूका गेट के पास शारदा नहर की पटरी पर झाड़ियों में बैठे बाघ ने पास से बाइक निकलते ही देवेंद्र की बाइक पर हमला कर दिया।
बाघ का पंजा बाइक पर बैठे गौरव सिंह के पैर में लग गया और और वह घायल हो गए। हड़बड़ाहट में गौरव शारदा नहर में जा गिरे। अन्य लोग बाइक मौके पर ही छोड़कर शोर मचाते हुए भाग खड़े हुए। युवकों ने काफी दूर भाग कर जंगल किनारे एक चाय की दुकान पर बैठे लोगों को बाघ के हमले ही जानकारी दी तो वहां से कई लोग मौके पर पहुंचे बाइकों को उठवाकर लाए। उधर गौरव ने किसी तरह नहर से निकल कर जान बचाई।
बाद में गौरव के दोस्त उसे लेकर खटीमा पहुंचे और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद गौरव को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घर पहुंचे गौरव और उनके दोस्त बाघ के हमले की याद कर सिहर उठते हैं। गौरव और उनके दोस्तों के परिवार के लोगों का कहना है माता पूर्णागिरि की कृपा से गौरव आदि की जान बच सकी है।