बंडा में निकाली गई शिवबरात में भस्म आरती का प्रदर्शन करते कलाकार
- फोटो : POWAYAN
बंडा। महाशिवरात्रि के पर्व पर मंगलवार को बंडा कस्बा बम-बम भोले के जयकारों के गूंज उठा। यहां के शिव मंदिर से गोमती नदी के पावन सुनासिर नाथ तट तक भव्य शिवबरात निकाली गई। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव, सीओ बीएस वीरकुमार सहित कई थानों का फोर्स बरात के साथ मौजूद रहा।
नगर के बिलसंडा मार्ग स्थित शिव मंदिर से सुबह दस बजे शुरू हुई शिवबरात में फूलों की लड़ियों से सजे रथों पर राधा-कृष्ण, शिव पार्वती, गणेश, ब्रह्मा, विष्णु, मां दुर्गा, मां काली समेत तमाम देवी देवताओं की झांकियां आकर्षक तरीके से सजाई गई। आदि शक्ति महाकाली अखाड़ा जलालाबाद के कलाकारों ने शिव तांडव और मां काली का रौद्र रूप दिखाकर लोगों को चकित कर दिया। जलालाबाद के ही कुलदीप आर्मी ग्रुप ने तिरंगा लहराकर वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया।
दोपहर बाद तीन बजे शिवबरात गोमती नदी के सुनासीर घाट पहुंची। शिवबरात में शामिल श्रद्धालुओं ने अर्घा में जलमग्न भगवान शिव पार्वती एवं गणेश की संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की। घाट पर चल रहे विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। शिवबरात का कई जगह स्वागत किया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी श्रद्धालुओं को फल, पानी का वितरण किया।