मीरानपुर कटरा में खानकाह हुसैनिया कलीमिया में उर्स के मौके पर की सजावट
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहंापुर। मीरानपुर कटरा में प्रसिद्ध खानकाहे हुसैनिया कलीमिया में पीरान-ए-उज्जाम के सालाना उर्स का आगाज रविवार सुबह परचम कुशाई के साथ हो गया। इस दौरान हजारों जायरीनों ने उर्स शरीफ में हाजिरी दी। रात में महफिल-ए-समां में कव्वालों ने अपने कलाम पेश कर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।
लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित खानकाह-ए-हुसैनिया कलीमिया में हजारों जायरीन उर्स शरीफ में आते हैं। विगत दो वर्ष से कोविड-19 के मद्देनजर उर्स सांकेतिक रूप से मनाया। इस बार परंपरागत तरीके से उर्स का आगाज हुआ। साहिब-ए-सज्जादा मसूद अहमद कलीमी ने बताया कि पीराने उज्जाम के सालाना उर्स का आगाज रविवार सुबह परचम कुशाई से हुआ। इस बीच खानकाह में कुरआन ख्वानी हुई। जोहर की नमाज के बाद खानदान-ए-चिश्त अहले बाहिश्त कांफ्रेंस का आयोजन हुआ।
उसके बाद कव्वाली की महफिल हुई। आयोजकों ने बताया कि 28 फरवरी की सुबह बाद नमाज फजिर कुरआनख्वनी, एक मार्च को जोहर की नमाज के बाद मूए मुबारक के दीदार कराए जाएंगे। इशा की नमाज के बाद कव्वाली होगी। दो मार्च को खानकाह के पीराने उज्जाम की मजार पर चादरपोशी होगी। तीन मार्च को फजिर की नमाज के बाद कुरआनख्वानी, दस बजे कुलशरीफ और महफिल होगी।
हजरत नेमत शाह वली का उर्स आज से
शाहजहांपुर। सूफी बुजुर्ग हजरत नेमत शाह वली रहमतुल्लाह अलैह का दो दिवसीय सालाना उर्स मोहल्ला ऐमन जई जलालनगर स्थित दरगाह पर 28 फरवरी से मनाया जाएगा। कुल शरीफ एक मार्च को होगा। उर्स के प्रबंधक व मस्जिद के इमाम मौलाना आदिल रजा नूरी ने बताया कि उर्स का आगाज सोमवार को बाद नमाज असिर शाम 5.30 बजे मजार पर चादरपोशी व गुलपोशी व फातेहा ख्वानी के साथ होगा। एक मार्च को प्रात: 9 बजे से कुल शरीफ की महफिल होगी। इसमें मुख्य अतिथि शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी होंगे। संवाद