शाहजहांपुर। हापुड़ की पटाखा फैक्टरी के धमाके में जान गंवाने वाले भंडेरी गांव के दस लोगों के आश्रितों को 20-20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की गई। सपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से यह मांग की और हापुड़ प्रशासन के दो-दो लाख रुपये के मुआवजे को बहुत ही कम बताया।
सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में मंगलवार को एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मृतक आश्रितों को 20-20 लाख रुपये और घायलों को दस-दस लाख रुपये दिलाने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस दुखद घटना से पूरा प्रदेश हिल गया। सभी मृतकों के परिवार वाले बेहद गरीब हैं और उनके पास कोई भी आमदनी का जरिया नहीं होने से दो वक्त की रोटी कमाना मुश्किल है।
फिर भी शासन व प्रशासन की तरफ से उन्हें अभी तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है। सपा नेता राजेश वर्मा और जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव ने कहा कि पीड़ित परिवारों को अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। एडीएम द्विवेदी ने कहा कि शासन-प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है और आर्थिक सहायता स्वीकृत होते ही खाते में भेज दी जाएगी।
संजीव वर्मा, अवधेश कुमार पाल, संतोष पाल, अतीउल्ला सिद्दीकी, ओमपाल कुशवाहा, संजीव वर्मा, विपिन यदुवंशी, वरुण मिश्रा, मोहम्मद फैसल , शाहिद खां, सर्वेश कुमार वर्मा, खुशीराम वर्मा, इमरान खां, आशीष कुमार, शिव प्रकाश सिंह, कफील अहमद, मोइन खान, मुजीब खां, हसन, इमरान खां, रानू खां, राजा, आरिफ खां, राजेश कश्यप, राघवेंद्र सिंह, अमित कुमार सिंह, विमलेश कुमार, मिथिलेश कुमार, कयूम शाह, मोहम्मद शाहनवाज आदि मौजूद रहे।