फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त, जहां-तहां रुकीं ट्रेनें

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर/रोजा। रेलवे की ओवर हेड इलैक्ट्रिक (ओएचई) लाइन क्षतिग्रस्त होने से अप रेल रूट पर करीब 50 मिनट ट्रेनों का संचालन ठप रहा। बिजली सप्लाई ठप होने से अप लाइन पर ट्रेनें जहां तहां रुक गईं। शाहजहांपुर स्टेशन पर गोरखपुर पैसेंजर भी शंटिंग के लिए खड़ी रही। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

शाहजहांपुर और रोजा स्टेशन का मंगलवार को ही चीफ सेफ्टी ऑफीसर ने निरीक्षण किया था। दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में उत्तर रेलवे के जीएम भी निरीक्षण को पहुंचने वाले हैं। रेलवे इससे पहले तैयारियां कर रहा है। बुधवार को शाहजहांपुर-रोजा के बीच अप लाइन पर रेल क्रॉसिंग नंबर 320 के पास पीडब्ल्यूआई अरुण कुमार सक्सेना की मौजूदगी में रेल ट्रैक की सफाई हो रही थी। ट्रैक के दोनों ओर सफाई में लगी जेसीबी ने इस दौरान दूर संचार विभाग के खंभे को टक्कर मार दी। इसे यह खंभा अप रेल लाइन की ओएचई पर गिर गया। ओएचई टूटने से अप लाइन की ट्रेनों के पहिए थम गए। कई ट्रेनों को जहां तहां रोक दिया गया। अप ओएचई की बिजली सप्लाई ठप होने के बारे में पॉवर केबिन को पता लगा तो कंट्रोल को सूचना दी गई। इस दौरान 2:20 से 3:10 बजे तक पूरे रेल सेक्शन में अप लाइन की ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा।
कंट्रोल की सूचना पर रोजा से सेक्शन इंजीनियर संजय जैन के नेतृत्व में प्रेमपाल, बलराम, भाई लाल, धीरज, वीरेंद्र, आशुतोष, पंकज, राजपाल की टीम टॉवर वैगन से मौके पर पहुंची। करीब 50 मिनट के बाद ओएचई लाइन को दुरुस्त किया जा सका। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने के मामले में ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेजी जा रही है।
विज्ञापन


प्रभावित ट्रेनें
इस दौरान अप-14235 बरेली-प्रयाग एक्सप्रेस, अप-13151 सियालदह एक्सप्रेस, अप-14369 त्रिवेणी एक्सप्रेस,अप- 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस, अप-14235 त्रिवेणी एक्सप्रेस, अप-13359 काठगोदाम एक्सप्रेस समेत एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

ट्रैक पर काम की पहले से दी गई थी सूचना
रेल ट्रैक के दोनों ओर सफाई किए जाने के बारे में पहले से सूचना रेलपथ विभाग के साथ सिग्नल और संबंधितों को दी गई थी। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रामऔतार मीणा ने बताया कि जिस समय जेसीबी की टक्कर से खंभा टूट कर गिरा। पीडब्ल्यूआई अरुण कुमार सक्सेना भी मौके पर मौजूद थे। ऐसे में मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने के बारे में उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें