शाहजहांपुर। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के निलंबन और एरियर भुगतान संबंधी प्रकरण अकारण लंबित रखे जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष तनवीर खां ने तमाम कार्यकर्ताओं के साथ बृहस्पतिवार को दोपहर विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय जाकर तीखे तेवर दिखाए। वहां मौजूद मिले डीपीआरओ अरविंद कुमार जायसवाल का घेराव कर उन पर सवालों की बौछार कर दी। डीपीआरओ ने शुक्रवार सुबह तक दोनों मामले निस्तारित करने का आश्वासन देकर किसी तरह सपाइयों को शांत किया।
तिलहर ब्लॉक के पिथनापुर गांव में तैनात सफाई कर्मचारी महेंद्र पाल को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर करीब डेढ़ साल पहले निलंबित कर दिया गया था। इस प्रकरण में विभाग के अधिकारियों से तीन बार जांच कराई गई, लेकिन उनकी जांच आख्या नहीं मिलने के कारण निलंबित सफाई कर्मचारी की ड्यूटी पर बहाली नहीं हो रही है। इसी तरह तिलहर ब्लॉक के गांव अमनपुर गौंटिया में सफाई कर्मचारी नन्हें को सात माह से लंबित एरियर का भुगतान नहीं हो रहा है। अधिकारियों के स्तर से कोई राहत नहीं मिलने पर सफाई कर्मियों ने सपा जिला अध्यक्ष से अपनी पीड़ा बयां की तो वह पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जिला पंचायत राज कार्यालय जा धमके।
जिला अध्यक्ष और उनके साथ गए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति उपेंद्र पाल सिंह, नगर अध्यक्ष कपिल सिंह वर्मा, सपा प्रबुद्ध सभा के जिला अध्यक्ष प्रदीप तिवारी आदि ने कहा कि दोनों कर्मचारियों के परिवार भुखमरी और कर्ज की मार से परेशान होकर आत्महत्या को मजबूर हुए तो सपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होंगे।
निलंबित किए जाने के बाद सफाई कर्मचारी महेंद्र पाल ने लंबे समय तक लिखित स्पष्टीकरण नहीं देकर जांच में असहयोग किया। उसके विरुद्ध कार्यालय की महिला सफाई कर्मचारी पर तेजाब डालने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। गत सप्ताह महेंद्र पाल ने जवाब दाखिल किया, लेकिन अभी तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट आनी शेष है। बहुत जल्द दोनों कर्मचारियों के प्रकरण निस्तारित किए जाएंगे। -अरविंद कुमार जायसवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी