पुवायां। पुवायां के मोहल्ला कसभरा निवासी कृष्ण प्रबोध के बैंक खाते से ठगों ने एक लाख 49 हजार एक सौ रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मेसेज आने पर उनको रुपये निकाले जाने की जानकारी मिल सकी। तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
कृष्ण प्रबोध ने बताया कि वह सनी रुद्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर हैं। उनका पुवायां की एक बैंक में खाता है। 24 फरवरी को दिन में साढ़े 11 बजे उनके खाते से चार बार में 149100 रुपये निकाल लिए गए। मेसेज आने पर रुपये निकाले जाने का पता चल सका। बैंक में जानकारी करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से रुपये निकाल लिए हैं। बैंक प्रबंधक ने उनको रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई की बात कही है। इससे पूर्व भी पुवायां के कई लोगों के बैंक खाते से रुपये गायब हो चुके हैं। एक मामले की रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी, लेकिन अभी तक रुपये निकालने वालों का कोई सुराग नहीं लग सका है।