कोनी घाट के कठिनइया नदी में मिली मजदूर की लाश
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के कोनी के पास कठिनइया नदी में मजदूर का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस आए पीड़ित परिजन गमगीन दिखे।
सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया क्षेत्र के कोटड़ा निवासी सुखदेव पुत्र रामलखन ने बताया कि उसके भाई भवनाथ संतकबीरनगर के कोतवाली क्षेत्र के कोनी में हो रहे पानी के टंकी के निर्माण में मजदूरी करते थे। 11 नवंबर की शाम पांच बजे भाई 45 वर्षीय भवनाथ नित्य क्रिया के लिए कोनी घाट के पास गए थे। उसके बाद से लापता हो गए। शनिवार को कठिनइया नदी में भाई भवनाथ की लाश मिली। मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाना जरूरी है। पीड़ित भाई ने कोतवाली पुलिस को लिखित सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि जांच में प्रथमदृष्टया डूबने से मौत हुई है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो