बुनकर सभा ने अपर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश बुनकर सभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा। इसमें नगर पंचायत बखिरा की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
उत्तर प्रदेश बुनकर सभा के जिलाध्यक्ष हाजी इमामुद्दीन अंसारी ने कहा कि बखिरा नगर पंचायत बुनकर व बर्तन कारीगर बहुल क्षेत्र है। यहां बच्चियों की शिक्षा के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ऐसे में महिला इंटर कालेज, महिला डिग्री कालेज की स्थापना कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने घोषणा की है कि जिले में मेडिकल कालेज खोला जाएगा। इसके लिए बखिरा मार्ग पर ग्राम बघुआ फैजूडीह में जमीन चिह्नित कर मेडिकल कालेज की स्थापना की जाए। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में फैली गंदगी को दूर करने के लिए कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान नसीम अंसारी, हिमायतुल्लाह, मो. ओसामा, मो.इलियास, कौशर अली, सरफुज्जमा आदि मौजूद रहे।